Chandauli News: ट्रेन की चपेट में आकर किशोरी की मौत, हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस.
"फिलहाल सकलडीहा पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण जुड़ा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।"
chandauli
10:32 AM, Jan 21, 2026
Share:


मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सकलडीहा रेलवे स्टेशन गेट के पश्चिमी छोर पर मंगलवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक किशोरी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मृत किशोरी की पहचान रैपुरा गांव निवासी लालचंद बागी की 16 वर्षीय पुत्री पूजा के रूप में हुई है। वह चतुर्भुजपुर स्थित राष्ट्रीय विद्या मंदिर में कक्षा 10 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक पूजा कुछ दिन पहले तेनुअट गांव स्थित अपने नाना रामनारायण के घर आई हुई थी। बताया गया कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे पूजा अपने मामा से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी।
इसी बीच शाम लगभग पांच बजे स्थानीय लोगों ने सकलडीहा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैक पर एक किशोरी का शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नई बाजार चौकी प्रभारी विजय राज और उपनिरीक्षक जगदीश यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली।
जांच में सामने आया कि घटनास्थल जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में आता है, हालांकि खबर लिखे जाने तक जीआरपी टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण जुड़ा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
विज्ञापन



