Chandauli News: हनुमान मंदिर की प्राचीन प्रतिमा तोड़े जाने से तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति.
"इलिया थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
9:43 AM, Jan 25, 2026
Share:


अराजक तत्वों द्वारा खंडित की गई हनुमान जी की प्रतिमा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया. (चंदौली).
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के खरौझा गांव के हिनौती मौजा स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार रात अराजक तत्वों द्वारा मंदिर के बाहर स्थापित हनुमान जी की प्राचीन प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही इलिया थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। ग्रामीणों की सहायता से खंडित प्रतिमा को उठाकर मंदिर परिसर में सुरक्षित रखवाया गया। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, जिसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
विज्ञापन
ग्रामीणों का कहना है कि अराजक तत्वों ने प्रतिमा को तोड़ने के साथ-साथ मंदिर परिसर में बने पुजारी के बंद कमरे पर भी पत्थर फेंके, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। मौके पर ग्राम प्रधान राजन सिंह, राजू पांडेय, पताली सिंह, गोपाल गुप्ता, शशिकांत सिंह, मुन्ना दुबे, छोटू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इलिया थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस सतर्क निगरानी रखे हुए है।



