Chandauli News: धानापुर में बेखौफ चोरों का आतंक, आधा दर्जन से अधिक चोरियों का खुलासा नहीं, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल.
“चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत और नाराजगी है। कई घरों, दुकानों और मंदिरों में चोरी के बावजूद पुलिस अब तक अधिकांश मामलों का खुलासा नहीं कर सकी है। ताजा मामला रमरजाय चट्टी स्थित अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान में हुई चोरी का है, जहां से डेढ़ लाख रुपये नकद और शराब की बोतलें चोरी हुई हैं।”
chandauli
11:54 AM, Nov 17, 2026
Share:


धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों में पुलिस अब तक न तो आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी है और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ है। इससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है।
धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में चोरी समेत कई घटनाएं हुईं। आवाजापुर निवासी मलंग सिंह और बिरना के भानु प्रताप मौर्य के घर हुई चोरी का भी अब तक खुलासा नहीं हुआ है। बिरना गांव में चोरी की घटनाएं सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थीं, इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह की बाइक भी दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। घटना के चार दिन बाद तक बाइक का पता नहीं चल सका था।
विज्ञापन
सोमवार रात चोरों ने रमरजाय चट्टी स्थित अंग्रेजी शराब और बीयर की कंपोजिट दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के साथ अंग्रेजी शराब और बीयर की बोतलें लेकर फरार हो गए। इससे पहले नरौली गांव में तीन स्थानों पर चोरी हुई थी। आवाजापुर में एक घर से 10 लाख रुपये से अधिक के गहने चोरी किए गए थे। वहीं, कुछ महीने पहले धानापुर पुलिस ने चोरी के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से इनवर्टर, बैटरी और अन्य सामान बरामद हुआ था।
चोरों ने धार्मिक स्थलों को भी नहीं छोड़ा। धानापुर ब्लॉक के पास स्थित हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हो गया था। इसके अलावा क्षेत्र के दूसरे मंदिरों से चांदी की आंखें भी चोरी हुई थीं। इन घटनाओं का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। हालांकि, आश्वासन के कई दिन बाद भी न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी का सामान बरामद हो पाया है। ऐसे में ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।


