Chandauli News: पूजा-पाठ के बहाने घर पहुंचे कथित बाबा पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस जांच में जुटी.
“चकिया क्षेत्र में पूजा-पाठ के बहाने घर पहुंचे एक कथित बाबा पर करीब 12 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। परिजनों ने कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
chandauli
7:30 PM, Sep 3, 2026
Share:


कोतवाली चकिया, जनपद चंदौली..
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के दूरस्थ पहाड़ी इलाके के एक गांव में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे पूजा-पाठ के बहाने घर पहुंचे कथित बाबा पर करीब 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। घटना के बाद किशोरी के परिजनों ने चकिया कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों के अनुसार कथित बाबा का गांव में अक्सर आना-जाना रहता है। आरोप है कि वह गरीब वनवासी परिवारों के घर जाकर झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के जरिए उनकी गरीबी दूर करने का दावा करता था। गुरुवार सुबह भी वह पूजा कराने के बहाने किशोरी के घर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि उसने परिवार के कुछ सदस्यों को किसी बहाने बाहर भेज दिया। इसके बाद घर में अकेली किशोरी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की।किशोरी के शोर मचाने पर आसपास मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख कथित बाबा वहां से भाग निकला। इसके बाद किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कथित बाबा अपने साथ दो बकरियां और कुछ नकदी भी ले गया।
विज्ञापन
बताया गया कि किशोरी अपने ननिहाल में रह रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन चकिया कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।चकिया प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने पीड़ित पक्ष के परिजनों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



