Chandauli News: विद्युत पोल के तार से निकले करेंट की चपेट में आकर किसान की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण.
"शहाबगंज थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। बिजली विभाग को सूचित किया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं"
chandauli
5:42 PM, Oct 5, 2025
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: रतीश कुमार, शहाबगंज.
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के अमांव गांव में रविवार की दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में श्यामलाल उर्फ़ नंदू यादव (58 वर्ष) की बिजली के करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए आक्रोश व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को हुई तेज बरसात के दौरान नंदू यादव के दरवाजे पर लगा विद्युत पोल जर्जर होने के कारण गिर गया था। पोल के साथ-साथ बिजली के तार भी जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी थी, लेकिन विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचने की कोई जहमत नहीं उठाई। दो दिनों तक तार खुले पड़े रहे, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहा। रविवार की दोपहर लगभग तीन बजे श्यामलाल उर्फ़ नंदू यादव किसी कार्य से अपने दरवाजे के पास गए।
विज्ञापन
उसी दौरान गिरे हुए तार में अचानक करेंट प्रवाहित हो गया। श्यामलाल तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर विभाग समय रहते पोल और तार को हटा देता तो यह हादसा नहीं होता। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई जगहों पर जर्जर खंभे और ढीले तार लटके हुए हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं देते।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं शहाबगंज थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। बिजली विभाग को सूचित किया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



