Chandauli News: दो दिन से बंद था किराए के कमरे का दरवाजा, खुला तो पत्नी की लाश और गंभीर हालत में मिला पति, मचा हड़कंप.
“चंदौली के अलीनगर में बंद कमरे ने एक खौफनाक राज खोल दिया। दो दिन से कमरे में बंद पति-पत्नी में पत्नी मृत मिली, जबकि पति गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर दोनों को बाहर निकाला और जांच शुरू की। अब सवाल है कि कमरे के अंदर आखिर हुआ क्या था?”
chandauli
11:45 AM, Aug 15, 2026
Share:


इसी मकान के कमरे में किराए पर रहते थे पति-पत्नी, मौके पर जांच करती पुलिस व फॉरेंसिक टीम
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : प्रदीप शर्मा(बबलू), अलीनगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के कमरे में रह रहे पति-पत्नी में पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। कमरे का दरवाजा पिछले करीब दो दिनों से अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि उसका पति गंभीर हालत में बिस्तर पर पड़ा था। पुलिस ने पति को तत्काल अस्पताल भेजने के साथ महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि आकाश और उसकी पत्नी रानी करीब 15 से 20 दिन पहले ही सुरेंद्र प्रताप सिंह के मकान में किराए पर रहने आए थे। दोनों ठेला लगाकर सब्जी बेचने का काम करते थे। मकान मालिक के मुताबिक दोनों सामान्य रूप से रह रहे थे और कुछ दिन पहले तक ठेला लगाकर सब्जी बेचते भी देखे गए थे। शनिवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। उन्होंने अंदर से आवाज लगाने के साथ दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों तथा मकान मालिक की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया।
विज्ञापन
कमरे के अंदर बिस्तर पर रानी मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि आकाश जीवित लेकिन गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने बिना देर किए आकाश को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। महिला की मौत की सूचना के बाद मौके पर फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम भी पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना की सूचना पर अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह और सीओ अरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को पूरे मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल रानी की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। कमरे के अंदर दोनों के मिलने और दरवाजा अंदर से बंद होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पति की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पति के स्वस्थ होने के बाद उसके बयान से घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
