Chandauli News: विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियों को टक्कर मारने वाला चालक शराब के नशे में था, सीओ ने बताई पूरी कहानी, जानिए क्या थी वजह.
“चंदौली में बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियों को टक्कर मारने वाली सफेद स्कॉर्पियो के चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। सीओ सदर नामेंद्र कुमार ने ब्रेथ एनालाइजर जांच में चालक का अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव आने की जानकारी दी है।”
chandauli
4:40 PM, Nov 24, 2026
Share:


टक्कर से क्षतिग्रस्त विधायक सुशील सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सैयदराजा से बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियों को सफेद स्कॉर्पियो से टक्कर मारने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में स्कॉर्पियो चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। सीओ सदर नामेंद्र कुमार ने बताया कि चालक जीवन का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट पॉजिटिव आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में घटना शराब के नशे में हुई दुर्घटना प्रतीत हो रही है।
23 नवंबर की शाम विधायक सुशील सिंह बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी के वैवाहिक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया गांव के पास सफेद स्कॉर्पियो ने काफिले की एक गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने भागने का प्रयास किया। काफिले की गाड़ियों ने उसे रोकने की कोशिश की, इसी दौरान बिछिया और मिसिरपुरा गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर दो अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। अंत में सफेद स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। सीओ सदर नामेंद्र कुमार के मुताबिक, स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे सभी सैयदराजा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। उनमें प्रिंस यादव और सोनम यादव की बहन की डिलीवरी पचपेड़वा स्थित एसएस हॉस्पिटल में हुई थी। वे उसे देखने के लिए सैयदराजा से अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई।
विज्ञापन
पुलिस ने स्थानीय थाने पर सभी का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया, जिसमें चालक जीवन का अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। सीओ के अनुसार, अब तक की जांच में काफिले की गाड़ियों को टक्कर लगने की वजह शराब के नशे में हुई दुर्घटना सामने आ रही है। गौरतलब है कि घटना के बाद विधायक सुशील सिंह ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए जानलेवा हमले की आशंका जताई थी और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की थी। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला नशे में वाहन चलाने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। सीओ ने स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


