मुख्य खबरें/न्यूज़/chandauli news the issue of forest rights and land was raised in the pda jan panchayat sp leaders surrounded the government

Chandauli News : पीडीए जन पंचायत में वनवासी अधिकार और जमीन का मुद्दा उठा, सपा नेताओं ने सरकार को घेरा.

“चकिया में आयोजित पीडीए जन पंचायत में नौगढ़ के वनवासी समाज, किसानों की जमीन और कथित उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और छोटेलाल खरवार ने प्रशासन से कार्रवाई रोकने और पात्र लोगों को जमीन का अधिकार देने की मांग की।”

chandauli

9:55 AM, Aug 21, 2026

Share:

Chandauli News : पीडीए जन पंचायत में वनवासी अधिकार और जमीन का मुद्दा उठा, सपा नेताओं ने सरकार को घेरा.
logo

पीडीए जन पंचायत को सम्बोधित करते रॉबर्ट्सगंज सपा सांसद छोटेलाल खरवार

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील, चंदौली.

चंदौली। चकिया-लतीफशाह मार्ग स्थित एक लॉन में गुरुवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें नौगढ़ क्षेत्र के वनवासी और आदिवासी परिवारों के अधिकार, किसानों की जमीन और हाल में हुई कथित कार्रवाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम में चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह और रॉबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Img

जन पंचायत में सपा नेताओं ने कहा कि लंबे समय से जंगल और जमीन पर निर्भर वनवासी परिवारों के अधिकारों की रक्षा जरूरी है। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने नौगढ़ में ग्रामीणों के साथ हुई कथित मारपीट और कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों और गरीबों की जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को देने की नीति स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने भेड़ा फार्म क्षेत्र का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ उद्योग समूह को जमीन लीज पर दी जा रही है, जबकि दूसरी तरफ वर्षों से खेती कर रहे किसानों को हटाया जा रहा है। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन किसानों और वनवासी परिवारों का जीवन-यापन खेती से जुड़ा है, उन्हें उजाड़ने के बजाय भूमि अधिकार दिया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने, जेल में बंद लोगों को रिहा करने और कथित उत्पीड़न की कार्रवाई रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर सपा नेता जिलाधिकारी से मिलेंगे। मांगें नहीं मानी गईं तो पार्टी किसानों, गरीबों और आदिवासियों के मुद्दे पर सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

रॉबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार ने भी नौगढ़ क्षेत्र की कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वनवासी परिवारों के साथ मारपीट की गई और इसके बाद उन्हीं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने वनाधिकार कानून का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग वर्षों से जमीन पर खेती करते आ रहे हैं, पात्रता के अनुसार उन्हें भूमि का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के नाम पर मिलने वाले प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील भी की।

Img

जन पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि वनवासी, आदिवासी और गरीब समाज को अपने राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और जमीन के अधिकार का समाधान नहीं निकला तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करेगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जितेंद्र प्रसाद एडवोकेट, पूनम सोनकर, महेंद्र राव, गीता यादव, दशरथ सोनकर, भावी प्रत्याशी टोनी खरवार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन मुस्ताक अहमद खान ने किया।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.