Chandauli News: जुआ सिंडिकेट का सरगना निकला ‘देवता’, पुलिस महकमे पर भी मेहरबान था देवता.
"पीडीडीयू नगर सीओ अरुण सिंह ने बताया कि तीनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और जुआ सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
8:24 PM, Mar 29, 2026
Share:


मुख्य आरोपी सुनील यादव उर्फ देवता और निलंबित दरोगा अभिषेक शुक्ला
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में जुए के फड़ पर हुई छापेमारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। 25 हजार का इनामी सुनील यादव उर्फ ‘देवता’ ही पूरे जुआ सिंडिकेट का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि अलीनगर थाना क्षेत्र के नींबूपुर निवासी देवता ने आईपीएल सट्टेबाजी से अपनी शुरुआत की और धीरे-धीरे होटल, गेस्ट हाउस व गंगा किनारे डोमरी, कटेसर और सूजाबाद में जुए के अड्डे संचालित करने लगा। यहां रोजाना 5 से 7 लाख रुपये तक की बाजी लगती थी।
सूत्रों के मुताबिक, हारने वाले जुआरियों को उसके गुर्गे ब्याज पर पैसा देकर फिर से खेल में धकेलते थे, जिससे यह नेटवर्क लगातार फैलता गया। बीते पांच वर्षों में देवता ने न केवल आर्थिक साम्राज्य खड़ा किया बल्कि ग्राम प्रधान बनकर स्कूल, रेस्टोरेंट और प्रॉपर्टी कारोबार में भी उतर गया। चर्चा है कि उसकी पहुंच सत्ता पक्ष के नेताओं और पुलिस महकमे तक थी, यहां तक कि हल्का दरोगा और सिपाही की तैनाती में भी उसके दखल की बातें सामने आई हैं।
विज्ञापन
कमिश्नरेट वाराणसी में सख्ती के बाद उसने अपना ठिकाना मुगलसराय के सेमरा गांव में बना लिया था। एडीजी वाराणसी की चैटबॉट सेवा से इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। चंदौली एसओजी अब उसके बैंक खातों और कॉल डिटेल (CDR) की जांच में जुटी है। उसके कई सहयोगियों को चिन्हित कर लिया गया है और संरक्षण देने वालों की भी पड़ताल की जा रही है। गौरतलब है कि बीते सोमवार को एसओजी और मुगलसराय पुलिस ने मग्गू पटेल के मकान में छापा मारकर 1.5 लाख रुपये नकद, 14 आरोपियों और 50 से अधिक बाइक बरामद की थी। हालांकि, सरगना देवता समेत तीन आरोपी फरार हो गए थे, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
इस मामले में मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि जलीलपुर पुलिस चौकी पर डेढ़ साल से तैनात चौकी इंचार्ज अभिषेक शुक्ला का ट्रांसफर कर दिया गया। चौकी से कुछ ही दूरी पर जुए का खेल चलने के बावजूद केवल थाना प्रभारी पर कार्रवाई होने से पुलिस विभाग में चर्चाएं तेज हैं, खासकर तब जब जांच में चौकी इंचार्ज का जुआरियों से कनेक्शन सामने आया है। काफी किरकिरी होने के बाद 5 दिन बाद एसपी ने हटाए गए अभिषेक शुक्ला को निलंबित कर दिया। साथ ही चौकी पर तैनात दो अन्य सिपाहियों को भी निलंबित कर दिया गया।
