Chandauli News: 20 दिन बाद भी नहीं सुलझी दवा व्यापारी की हत्या की गुत्थी, पूर्व सपा सांसद ने उठाए गंभीर सवाल.
"पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेने और उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और किसी निर्दोष को फंसाया न जाए"
chandauli
10:10 PM, Dec 9, 2025
Share:


पूर्व सपा सांसद चंदौली रामकिसुन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दवा व्यापारी रोहिताश पाल हत्याकांड को 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। मामले में पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को उठाते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मृतक दवा व्यवसाई रोहिताश पाल
पूर्व सांसद ने कहा कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस हत्यारे तक नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने कहा, “क्या सत्तारूढ़ दल के किसी प्रभावशाली व्यक्ति का दबाव है? आखिर किसके दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही? यदि जनपद की पुलिस अक्षम है तो सरकार दूसरे जिले की पुलिस लगाकर उच्च स्तरीय जांच कराए।”
विज्ञापन
पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की तलाश के लिए आठ टीमों का गठन किया गया है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि दो तथाकथित साजिशकर्ताओं को जेल भेजकर मामला निपटाने की कोशिश की जा रही है, जबकि असली हत्यारा अभी भी आज़ाद घूम रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं दवा व्यापारी किसी बड़े राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार तो नहीं बन गया।
पूर्व सांसद ने कहा कि लगातार हो रही वारदातों और खुलासे में देरी से पुलिस पर अविश्वास बढ़ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेने और उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और किसी निर्दोष को फंसाया न जाए। स्थानीय व्यापारी संगठनों ने भी हत्याकांड के जल्द खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रशासन की चुप्पी ने जनमानस के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



