Chandauli News:अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ा.
"मामले में उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जहां सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है, वहां नियमानुसार जमीन खाली कराई जा रही है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा।"
chandauli
8:24 PM, Feb 8, 2026
Share:


प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर इकट्ठा हुई ग्रामीणों की भीड़
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अजीत जायसवाल, बबूरी(चंदौली).
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के पांडेयपुर मार्केट में रविवार को अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन किसी के दबाव में चुनिंदा लोगों के खिलाफ ही कार्रवाई कर रहा है, जो सरासर अन्याय है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर कार्रवाई की जा रही थी, वहां भूमि धरी के सामने नाला स्थित है। आरोप लगाया गया कि इसी नाले पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, जिसे हटाने के नाम पर प्रशासन मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि अवैध कब्जा हटाना है तो सड़क किनारे और नाले के ऊपर किए गए सभी कब्जों पर समान रूप से कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों के अनुसार नाले पर कब्जे के कारण गांव में जलजमाव की गंभीर समस्या बनी रहती है। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई गरीब और कमजोर लोगों तक सीमित रहती है, जबकि प्रभावशाली लोगों पर कोई हाथ नहीं डाला जाता।
मामले में उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जहां सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है, वहां नियमानुसार जमीन खाली कराई जा रही है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा। हालांकि ग्रामीणों ने इस बयान से असहमति जताते हुए निष्पक्ष जांच और समान कार्रवाई की मांग दोहराई है।
