Chandauli News: छठ पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़, जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं, यात्री बोले- बढ़ाई जाएं स्पेशल ट्रेनें.
“लोक आस्था के महापर्व छठ पर बिहार लौटने वाले यात्रियों की भीड़ से ट्रेनों में हालात बिगड़ गए हैं। डीडीयू जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों की जनरल बोगियों में यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाने के बावजूद यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं।"
chandauli
9:31 PM, Nov 12, 2026
Share:


पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के जनरल बोगी में चढ़ती यात्रियों की भीड़
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर बिहार लौटने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ से ट्रेनों में मुश्किलें बढ़ गई हैं। डीडीयू जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों की जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं है। रेलवे की ओर से छठ के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, इसके बावजूद यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई यात्रियों को रातभर गेट पर खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं डीडीयू जंक्शन पर बज रहे छठ गीत और महिलाओं के समूह में गाए जा रहे पारंपरिक गीत यात्रियों को घर पहुंचने का उत्साह दे रहे हैं।
बिहार के बेगूसराय जा रहे बरुण शर्मा ने बताया कि ट्रेन में इतनी भीड़ है कि न बैठने की जगह है और न ही ठीक से खड़े होने की। बाथरूम तक में वेंडरों का सामान रखा हुआ है। आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि रात से गेट पर खड़े होकर सफर कर रहे हैं। सरकार को स्पेशल ट्रेनों की संख्या और बढ़ानी चाहिए, ताकि यात्री सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें। वहीं मगध एक्सप्रेस से दिल्ली से इस्लामपुर जा रहे पंकज कुमार ने ट्रेनों में भीड़ और गंदगी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों से छठ पर ऐसी स्थिति देख रहे हैं। परिवार के साथ सफर करना मुश्किल हो रहा है। नई दिल्ली से पटना जा रहे जितेंद्र कुमार ने बताया कि रात से भूखे-प्यासे हैं। बाथरूम और गेट तक यात्रियों से भरे हैं। हालांकि डीडीयू जंक्शन पर छठ गीत सुनकर उन्हें काफी सुकून मिल रहा है।
विज्ञापन
बिहारशरीफ जा रही महिला यात्री ने बताया कि वह करीब 30 वर्षों से छठ पूजा कर रही हैं, लेकिन इस बार ट्रेन में बैठने तक की जगह नहीं मिली। वहीं आनंद विहार से गया जा रहे वीरेंद्र कुमार ने बताया कि तत्काल टिकट नहीं मिलने के कारण उन्हें जनरल बोगी में सफर करना पड़ रहा है, जहां भीड़ के चलते काफी परेशानी हो रही है। हरियाणा से बिहार जा रही पूजा ने भी स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की। भीड़ और परेशानियों के बीच यात्रियों के चेहरों पर छठ पूजा में शामिल होने की खुशी भी साफ दिखाई दे रही है। डीडीयू जंक्शन पर बज रहे छठ गीतों के बीच महिलाएं समूह बनाकर पारंपरिक गीत गाती नजर आईं और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करती दिखीं। यात्रियों का कहना है कि घर पहुंचने की खुशी के आगे सफर की मुश्किलें भी छोटी पड़ रही हैं।


