Chandauli News: पुरानी रंजिश में युवक पर हुआ था जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद.
" धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि ग्राम नगवां निवासी आरोपी शुभम उर्फ गोलू (23 वर्ष) कि मिथिलेश से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने गांव के बाहर ताल के पास लोहे के चाकू से हमला किया था और बाद में चाकू को सकरारी मार्ग पर छिपा दिया था।"
chandauli
8:09 PM, Jan 3, 2026
Share:


चाकू के साथ धानापुर पुलिस की गिरफ्त में हमले का आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र में हुई जानलेवा हमले की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना धानापुर पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू बरामद किया है। यह मामला ग्राम नगवां का है, जहां 25 दिसंबर 2025 की शाम करीब छह बजे नगवां निवासी दिनेश राम का पुत्र मिथिलेश शौच के लिए गांव के बाहर नगवां ताल की ओर गया था। उसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक ने पीछे से धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में मिथिलेश के सिर, कान के पास और पीठ में गंभीर चोटें आई थीं। घायल अवस्था में परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद पीड़ित के पिता की तहरीर पर थाना धानापुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर एक युवक का नाम सामने आया। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम नगवां से आरोपी शुभम उर्फ गोलू (23 वर्ष) पुत्र हरिनारायण को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मिथिलेश से उसका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने गांव के बाहर ताल के पास लोहे के चाकू से हमला किया था और बाद में चाकू को सकरारी मार्ग पर छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध देशी चाकू बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के साथ ही आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन, चौकी प्रभारी नगवां उप निरीक्षक संजय कुमार ओझ, हेड कांस्टेबल रामबचन सिंह और कांस्टेबल सूरज यादव शामिल रहे।



