Chandauli News: बंद घर में छत के रास्ते घुसे चोर, ढाई लाख से अधिक के गहने और नकदी किया पार.
“धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में घुसे चोर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।”
chandauli
10:33 PM, Oct 6, 2026
Share:


चोरों द्वारा घर में बिखेरा गया सारा सामान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए। मंगलवार सुबह घर लौटे परिवार के लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर सामान बिखरा मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व इंजीनियर केसर गिरी का परिवार इटारसी में रहता है। करीब दो महीने पहले केसर गिरी इलाज कराने इटारसी गए थे। मंगलवार सुबह जब वह घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर दंग रह गए। जांच में घर के सभी दरवाजों के ताले खुले मिले। परिजनों के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। चोरों ने करीब 25 हजार रुपये नकद के अलावा चांदी की चार जोड़ी पायल, चांदी के दो नारियल, सोने की दो लौंग, सोने की सलाई और चांदी के 22 पान के पत्ते समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए। परिजनों के मुताबिक चोरी गए आभूषणों की कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक है।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस घर में चोरी के तरीके और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।ग्रामीणों के मुताबिक नरौली गांव में चोरी की यह चौथी घटना है। इससे पहले भी चोर गांव के कई मंदिरों को निशाना बना चुके हैं। मंदिरों से घंटे और चांदी की आंखें तक चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है।


