Chandauli News :छत के रास्ते घुसे चोर, 2 लाख नकद और लाखों के गहनो पर हाथ किया साफ.
“चंदौली के धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, जबकि चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। कुछ महीने पहले परिवार के मुखिया की मौत हुई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत है।”
chandauli
9:47 PM, Oct 13, 2026
Share:


चोरों द्वारा तोड़ा गया अलमीरा बिखर गया सामान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में सोमवार रात चोरों ने स्व. जितेंद्र सेठ के मकान को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी की घटना के दौरान घर में जितेंद्र सेठ के बेटे और बेटी सो रहे थे।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे बेटी मुस्कान की नजर टूटी अलमारी और बिखरे सामान पर पड़ी तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों के अनुसार, चोर दो लाख रुपये नकद, सोने के तीन लॉकेट वाला मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और सोने के कान के दो जोड़ी झाले ले गए। नकदी एलआईसी से संबंधित बताई गई है। कुछ महीने पहले ही जितेंद्र सेठ का निधन हुआ था। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि चोरी की घटना ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जितेंद्र सेठ के बेटे आशुतोष उर्फ कान्हा ने चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। घटना के बाद मुख्य बाजार के लोगों में भय का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले सोमवार को भी बाजार में एक महिला से दिनदहाड़े 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी गायब हो गई थी। उस मामले का भी अभी खुलासा नहीं हुआ है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी है। थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है और जल्द ही मामलों का खुलासा किया जाएगा।


