Chandauli News: डॉक्टर के बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, नगदी, लाखो के आभूषण पर हाथ किया साफ.
"मुगलसराय कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है"
chandauli
7:41 PM, Dec 23, 2025
Share:


चोरों द्वारा तोड़ा गया बक्से का ताला बिखेरा गया सामान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चतुर्भुजपुर स्थित सनसिटी कॉलोनी में चोरों ने ताला बंद एक डॉक्टर के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 18 लाख रुपये मूल्य के आभूषण व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी सोमवार की देर रात किरायेदार के घर लौटने पर हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत के गया निवासी जवाहर लाल पांडेय, जो वर्तमान में एटा में सरकारी डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं, ने सनसिटी कॉलोनी में मकान बनवाया है। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं। मकान के प्रथम तल पर उनकी माता निवास करती थीं, लेकिन इन दिनों वे एटा में बेटे के पास रह रही हैं। वहीं मकान के एक हिस्से में गया (बिहार) निवासी संजीत कुमार, जो रेलवे कैरेज विभाग में कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं।
विज्ञापन
दरसअल रविवार की शाम किरायेदार के परिवार में एक महिला की डिलीवरी होने की सूचना पर पूरा परिवार मकान में ताला बंद कर बाहर चला गया था। सोमवार देर रात जब किरायेदार घर लौटे तो देखा कि कमरों के ताले, अलमारियां और बक्से टूटे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर चहारदीवारी फांदकर मकान के अंदर घुसे थे। चोरी गए आभूषणों में सोने की दो चेन, लक्ष्मी हार, झुमका, दो गोल्ड लटकन, गणेश व हनुमान की सोने की लॉकेट, पाजेब, कमरधनी, चांदी का हाथ का पंजा, चार पायल, पांच चांदी के सिक्के, अमेरिकन सेट, चांदी की कटोरी, पान का पत्ता, सुपारी, बिछिया सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा किरायेदार के 12 हजार रुपये नकद और तीन आभूषण भी चोरी हुए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास निर्माणाधीन मकानों में काम कर रहे मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है।मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि रात्रि गश्त न होने के कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस संबंध में शहर कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।



