Chandauli News : रेल हादसों से निपटने के लिए डीडीयू मंडल में मॉक ड्रिल, NDRF समेत कई विभागों ने परखी तैयारी.
"डीडीयू रेल मंडल में रेल दुर्घटनाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए संयुक्त आपदा रेल राहत एवं बचाव मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें रेलवे, 11वीं एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया।”
chandauli
9:31 PM, Oct 16, 2026
Share:


मॉक ड्रिल के दौरान मौजूद डीआरएम उदय सिंह मीणा व अन्य अधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। डीडीयू रेल मंडल में शुक्रवार को संयुक्त आपदा रेल राहत एवं बचाव मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य रेल दुर्घटना के दौरान विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और राहत-बचाव उपकरणों की कार्यक्षमता को परखना था। अभ्यास में रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ 11वीं एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल हुईं।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बताया कि मॉक ड्रिल के जरिए यह जांचा जाता है कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर टीमें कितनी जल्दी घटनास्थल तक पहुंचती हैं और राहत कार्य शुरू करती हैं। घायलों को सुरक्षित निकालने, तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उपकरणों की तैयारी भी परखी जाती है, ताकि वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि रेलवे समय-समय पर ऐसे अभ्यास करता है, जिससे कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण मिलता है।
विज्ञापन
मॉक ड्रिल में अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, वरीय यांत्रिक अभियंता नितिन कुमार, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन, वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी संतोष कुमार, वरीय मंडल अभियंता समन्वय उत्कर्ष कुमार और वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता मनोज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। एनडीआरएफ कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर, एसीएमएस डॉ. ललित सांगा, रेलवे के डॉक्टरों, मेडिकल टीम और एंबुलेंस कर्मियों ने भी अभ्यास में भाग लिया। अधिकारियों ने आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई और बेहतर तालमेल के साथ बचाव कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


