Chandauli News: फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर बैंक से लिया 20 लाख का लोन, कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार.
“चंदौली में फर्जी रेलवे कर्मचारी बनकर बैंक से 20 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लेने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी वेतन पर्ची और रेलवे विभाग के प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज लगाकर ऋण हासिल किया था।”
chandauli
9:26 PM, Sep 9, 2026
Share:


बैंक धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। भारतीय स्टेट बैंक की आईटीसी मॉल शाखा में फर्जी दस्तावेजों के सहारे 20 लाख रुपये का ऋण लेने के मामले में चंदौली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने बिहार निवासी विजय कुमार राय को बुधवार को करीब 11:40 बजे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को बैंक शाखा प्रबंधक ने तहरीर देकर बताया था कि विजय कुमार राय ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताते हुए फर्जी वेतन पर्ची, रेलवे विभाग का प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बैंक में प्रस्तुत किए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने 15 नवंबर 2022 को एक्सप्रेस क्रेडिट योजना के तहत 20 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण प्राप्त किया। ऋण की किश्तें आरोपी के वेतन खाते से कटनी थीं, लेकिन निर्धारित भुगतान नहीं हुआ। बैंक स्तर से जांच कराई गई तो सामने आया कि विजय कुमार राय रेलवे का कर्मचारी ही नहीं है और उसके द्वारा प्रस्तुत वेतन पर्ची भी रेलवे विभाग से जारी नहीं की गई थी। इसके बाद बैंक की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। तहरीर के आधार पर चंदौली कोतवाली में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी को पकड़ लिया।
विज्ञापन
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह कानपुर में रहकर निजी काम करता था। उसने रेलवे कर्मचारी बनकर फर्जी वेतन पर्ची, रेलवे विभाग का प्रमाण पत्र और अन्य कागजात तैयार किए थे। इन्हीं के आधार पर उसने चंदौली स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 20 लाख रुपये का ऋण लिया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय विजय कुमार राय पुत्र झूठी राय के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता बिहार के खगड़िया जिले के चुकती गांव का है, जबकि वर्तमान पता बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र का बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



