Chandauli News: बिजली कटौती से भड़के व्यापारी, विधायक ने डीएम और बिजली अफसरों को लगाई फटकार.
"विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि वह खुद रात में औचक निरीक्षण करेंगे और यह देखेंगे कि विभाग तय रोस्टर के अनुसार बिजली दे रहा है या नहीं।"
chandauli
8:57 PM, May 23, 2026
Share:


बिजली कटौती की समस्या को लेकर चकिया भाजपा विधायक कैलाश आचार्य से मिलते हुए व्यापारी और भाजपा नेता
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).
चंदौली। चकिया नगर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गायब रहने से परेशान व्यापारी और स्थानीय लोग शनिवार को विधायक कार्यालय पहुंच गए। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और शिकायतों के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु जायसवाल और वरिष्ठ व्यापारी नेता कैलाश प्रसाद जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने विधायक को बताया कि दिन-रात हो रही कटौती से कारोबार चौपट हो रहा है। लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की नाराजगी देख विधायक ने मौके पर ही जिलाधिकारी और बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को फोन मिलाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता को हर हाल में बिजली मिलनी चाहिए और अनावश्यक कटौती तुरंत बंद कराई जाए। विधायक ने यह भी कहा कि अगर बिजली व्यवस्था में लापरवाही मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई तय मानी जाए।
विज्ञापन
बैठक के दौरान विधायक ने बिजली विभाग के एसडीओ और जेई की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायत मिल रही है कि रात में अधिकारी मुख्यालय पर नहीं रहते, जिससे फाल्ट होने पर घंटों सप्लाई बाधित रहती है। विधायक ने निर्देश दिया कि अधिकारी रात में मुख्यालय पर मौजूद रहें और खराबी होने पर तत्काल समाधान कराएं। इसके अलावा जर्जर तार बदलने, लोकल फाल्ट दुरुस्त करने और बिजली आपूर्ति को नियमित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान मनोज चौहान, सुजीत जायसवाल, दीपक चौहान, आसिफ कमर समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
