Chandauli News: आंधी-बारिश से पेड़ गिरे, आवागमन ठप, बिजली आपूर्ति बाधित.
"सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेड़ हटवाकर स्थिति सामान्य कर दी।"
chandauli
7:54 PM, Apr 29, 2026
Share:


भोजपुर में आंधी कारण सड़क पर गिरी पेड़
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र में बुधवार शाम करीब सवा चार बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग सहित कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिसे पुलिस प्रशासन के प्रयास से बाद में बहाल किया गया।
तेज हवा और बारिश के चलते क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे तहसील, ब्लॉक, डायट परिसर और भोजापुर-चंदौली मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। रेलवे ट्रैक पर भी पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हुआ, हालांकि बाद में उन्हें हटाकर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आंधी-तूफान का असर बाजार और ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। कई दुकानों के टीन शेड उड़ गए, वहीं राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। तेज हवाओं के कारण कई बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे पूरे तहसील क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विज्ञापन
किसानों को भी इस मौसम ने झटका दिया है। गेहूं की मड़ाई के बाद रखा गया भूसा उड़ गया, जबकि शादी-विवाह और तिलक समारोह के लिए लगाए गए टेंट भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे आयोजकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, इस बारिश से एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, तो दूसरी ओर डैचा, मूंग और पशुओं के चारे जैसी फसलों की बुवाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हुई हैं। हालांकि जिन किसानों का गेहूं अभी मड़ाई के लिए बचा था, उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।
