Chandauli News: सैयदराजा गोलीकांड के शहीदों को नमन, 100 फीट तिरंगे और सभागार का हुआ उद्घाटन.
“सैयदराजा गोलीकांड के अमर सेनानी श्रीधर राम, गणेश राम और फेंकू राय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। जीर्णोद्धार के बाद शहीद स्मारक पर प्रतिमाओं का अनावरण और 100 फीट ऊंचे तिरंगे का उद्घाटन किया गया।”
chandauli
9:26 AM, Aug 29, 2026
Share:


शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते विधायक सुशील सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। आजादी की लड़ाई में सैयदराजा की धरती पर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सर्वोच्च बलिदान देने वाले श्रीधर राम, गणेश राम और फेंकू राय को उनकी पुण्यतिथि पर गुरुवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। 28 अगस्त 1942 के ऐतिहासिक सैयदराजा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर वीर सेनानियों को नमन किया।
जीर्णोद्धार के बाद शहीद स्मारक स्थल पर शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 100 फीट ऊंचे तिरंगे और नवनिर्मित सभागार का भी उद्घाटन किया। इस दौरान लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि सैयदराजा की धरती ने अंग्रेजी हुकूमत के सामने कभी घुटने नहीं टेके। वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान क्रांतिकारी सैयदराजा थाने पर तिरंगा फहराने निकले थे, जहां अंग्रेजों की गोलीबारी में तीनों वीरों ने देश के लिए प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान पूरे देश की अमूल्य विरासत है। साथ ही लोगों से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
विज्ञापन
ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह ने कहा कि देश की एकता से बढ़कर कुछ नहीं है। धनापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने शहीदों की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में बिरहा गायक डॉ. मन्नू यादव ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति दी। अध्यक्षता मंगला सिंह और संचालन डॉ. समर बहादुर सिंह ने किया। इस दौरान राजेश चौधरी, दुर्गा दत्त तिवारी, शरद सिंह, मधु राय, रामनिवास तिवारी, अशोक सिंह, दीनानाथ श्रीवास्तव, सुमंत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
