Chandauli News: किश्त बकाया पर ट्रक उठाना पड़ा भारी, फाइनेंस एजेंसी का यार्ड संचालक गिरफ्तार; ट्रक बरामद.
"सैयदराजा पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बरामद ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।"
chandauli
7:07 PM, Jun 4, 2026
Share:


पुलिस द्वारा बरामद ट्रक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर ब्यूरो.
चंदौली। ट्रक की एक किस्त बकाया होने पर जबरन वाहन उठाकर ले जाने के मामले में सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फाइनेंस एजेंसी से जुड़े एक यार्ड संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कथित रूप से कब्जे में लिए गए ट्रक को भी बरामद कर लिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार चकिया क्षेत्र निवासी ट्रक चालक अमिताभ साहनी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 2 जून को नौबतपुर के पास कुछ लोग खुद को फाइनेंस एजेंसी का कर्मचारी बताकर पहुंचे और उनके ट्रक को रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर ट्रक के खलासी के साथ मारपीट की गई और वाहन को जबरन कब्जे में लेकर ले जाया गया। चालक का दावा था कि वाहन की केवल एक किस्त ही बकाया थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि ट्रक को बिहार के कैमूर जनपद स्थित एक निजी पार्किंग यार्ड में खड़ा किया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दुर्गावती क्षेत्र स्थित यार्ड से ट्रक बरामद कर लिया।
विज्ञापन
मामले में पुलिस ने बिहार के कैमूर जनपद निवासी प्रिंस सिंह को गिरफ्तार किया है, जो संबंधित यार्ड के संचालन से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वाहन को कब्जे में लेने की पूरी प्रक्रिया की जांच की जा रही है और प्रकरण में फाइनेंस एजेंसी के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आ रही है।गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व पुलिस प्रशासन ने फाइनेंस कंपनियों और रिकवरी एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि ऋण वसूली के दौरान किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, दबाव या अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद सामने आए इस मामले को पुलिस गंभीरता से ले रही है।
