Chandauli News: पूजा-पाठ के नाम पर साधु बनकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार.
"पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
chandauli
9:03 PM, Jan 10, 2026
Share:


पीड़ित
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर,(चंदौली).
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने साधु का वेश धारण कर महिलाओं से ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी संतान प्राप्ति का झांसा देकर पूजा-पाठ के नाम पर महिलाओं से सोना-चांदी और कीमती जेवरात ठगते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से ठगी किए गए आभूषण और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को साधु बताकर महिलाओं को अपनी बातों में फंसाते थे। वे संतान प्राप्ति में आ रही परेशानियों का समाधान करने का दावा करते हुए पूजा-पाठ का नाटक करते और महिलाओं से उनके आभूषण एक घड़े में रखवा लेते थे। बाद में मौका पाकर आभूषणों की जगह ईंट-पत्थर रखकर फरार हो जाते थे।
मामला तब उजागर हुआ जब ओढ़वार (मालियान बस्ती) निवासी बेचू सैनी ने डायल 112 पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि दो कथित बाबा 6 जनवरी से उनके घर पर ठहरे हुए थे। इन बाबाओं ने उनकी पत्नी सहित अन्य महिलाओं को संतान प्राप्ति का लालच देकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अपने कब्जे में ले ली। शक होने पर पीड़ित ने अपनी पत्नी से पूजा में इस्तेमाल किए गए घड़े की जांच कराई, जिसमें आभूषणों की जगह ईंट और पत्थर मिले। ठगी का खुलासा होते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पीड़ित की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन



