Chandauli News: नौरंगाबाद में दो बाइकों की टक्कर, युवक की मौत; बहन समेत दो घायल.
“चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन समेत दो लोग घायल हो गए। दो बाइकों की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।”
chandauli
2:59 PM, Sep 29, 2026
Share:


मृतक शुभम सिंह की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र के नौरंगाबाद में सोमवार को सड़क पार करते समय दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कादिराबाद निवासी 24 वर्षीय शुभम सिंह की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन नेहा सिंह और दूसरी बाइक सवार अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शुभम सिंह को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि शुभम सिंह अपनी 30 वर्षीय बहन नेहा सिंह के साथ नौरंगाबाद स्थित जनसहज सेवा केंद्र से रुपये निकालकर बुलेट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय सकलडीहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में नेहा सिंह का पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार 30 वर्षीय अभिषेक पुत्र श्रीप्रताप निवासी मिर्जापुर, थाना धानापुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलते ही सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक शुभम सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने क्षेत्र में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया। वहीं घटना के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


