Chandauli News : कानपुर से वाराणसी घूमने निकले थे दो दोस्त, चंदौली में बोरे में मिले दोनों के शवों कि हुई पहचान, हत्या की गुत्थी उलझी.
“चंदौली के डेढ़गांवा में माइनर के भीतर बोरे में मिले दो युवकों के शवों की पहचान हो गई है। दोनों कानपुर से वाराणसी घूमने निकले थे। आखिर दोनों चंदौली कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है।”
chandauli
2:56 PM, Oct 23, 2026
Share:


दोनों मृतकों कि फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा के पास माइनर में बोरे में बंद मिले दो युवकों के शवों की पहचान होने के बाद मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (34), निवासी मेढ़वा नगवा, थाना धानापुर, चंदौली और सागर त्रिपाठी (36), निवासी यशोदा नगर, नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई है। दोनों गहरे दोस्त थे और करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने की बात कहकर निकले थे। ऐसे में सवाल है कि दोनों चंदौली के डेढ़गांवा तक कैसे पहुंचे और उनके साथ क्या हुआ?
परिजनों के मुताबिक, वाराणसी पहुंचने के बाद सिद्धार्थ अपने पैतृक गांव मेढ़वा भी गए थे। इसके बाद दोनों कहां गए, किन लोगों से मिले और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों के शव बोरे में बंद मिलने से यह भी सवाल उठ रहा है कि शवों को वहां किसने पहुंचाया और इस घटना में कितने लोग शामिल थे। हालांकि, वारदात की जगह और घटनाक्रम को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और वह अपनी मां के साथ कानपुर में रहते थे। पैतृक गांव में जमीन-जायदाद होने के कारण संपत्ति विवाद की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों युवकों की गतिविधियों, संपर्कों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



