Chandauli News: प्रतिबंधित वन क्षेत्र में खैर के हरे पेड़ काटते दो तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार.
"जयमोहिनी रेंज के रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एक संगठित तस्कर गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए वन विभाग की टीमें गठित की गई हैं।गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।"
chandauli
10:52 PM, Feb 4, 2026
Share:


वन विभाग के कर्मचारियों की गिरफ्त में तस्कर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: लक्ष्मीकांत, नौगढ़, (चंदौली).
चंदौली। नौगढ़ तहसील अंतर्गत जयमोहनी रेंज में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार सुबह पूर्वी जयमोहनी बीट क्षेत्र में उस समय की गई, जब खैर प्रजाति के हरे वृक्षों की अवैध कटाई की जा रही थी। रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सोनभद्र जनपद के थाना रावर्टसगंज क्षेत्र के नागनार हरैया निवासी रामसजीवन पुत्र लालमनी और विकास पुत्र मुन्ना को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान खैर के पांच हरे वृक्षों के कटे हुए बोटे, छह साइकिलें और दो कुल्हाड़ियां बरामद की गईं, जिन्हें जब्त कर रेंज कार्यालय लाया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोनभद्र से आकर जयमोहनी क्षेत्र में खैर के पेड़ों की कटाई करते थे और लकड़ी को कत्था व्यापारियों तक पहुंचाते थे। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एक संगठित तस्कर गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए वन विभाग की टीमें गठित की गई हैं।गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने साफ कहा है कि वन क्षेत्र में अवैध कटान और वन संपदा की चोरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई में वन दरोगा सोमेश कुमार तथा वन रक्षक चंद्रशेखर यादव, प्रेम सिंह और मुलायम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
