Chandauli News: 8.5 किलो चांदी के जेवरात के साथ पकड़े गए दो युवक, वाराणसी से बक्सर ले जा रहे थे जेवरात.
"डीडीयू जंक्शन पर वाराणसी से बिहार जा रहे दो युवकों के बैग में साढ़े आठ किलो चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। युवकों के पास इस संबंध में कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पकड़े गए युवकों और जेवरात को वाराणसी से आई आयकर विभाग की टीम को सौंप दिया है।"
chandauli
9:08 PM, Aug 13, 2025
Share:


आरपीएफ जीआरपी की संयुक्त टीम के साथ पकड़े गए युवक और बरामद जेवरात
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। डीडीयू जंक्शन पर चल रही चेकिंग के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो युवकों से साढ़े आठ किलो चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरपीएफ और जीआरपी की माने तो बरामद जेवरात की कीमत 4.5 लाख रुपए है। पकड़े गए दोनों युवक वाराणसी के निवासी बताए गए हैं। दोनों जेवरात लेकर बिहार के बक्सर जा रहे थे। डीडीयू जंक्शन पहुंची आयकर विभाग को बरामद जेवरात और पकड़े गए आरोपियों को आरपीएफ द्वारा सौंप दिया गया है। इस मामले में आयकर विभाग अगली कार्रवाई करेगी।
आरपीएफ थाने में पकड़े गए युवकों के साथ आरपीएफ जीआरपी की टीम
हावड़ा दिल्ली रेल रूट के महत्वपूर्ण डीडीयू जंक्शन पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार की सुबह 10:00 बजे के आसपास संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान डीडीयू जंक्शन के प्रवेश द्वार से प्लेटफार्म पर आने वाले फुट ओवर ब्रिज पर दो युवक संदिग्ध गतिविधि करते हुए दिखे। आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने जब दोनों युवकों से पूछताछ की, तो दोनों घबराने लगे। जब उनके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो बैग भारी था। जब बैग को खोलकर जवानों ने देखा, तो वे भी हैरान रह गए। बैग के अंदर भारी मात्रा में सफेद धातु के जेवरात रखे हुए थे। दोनों युवकों को पकड़कर डीडीयू आरपीएफ थाने लाया गया।
विज्ञापन
डीडीयू आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार रावत
आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि दो युवक पकड़े गए हैं, जिनके पास बैग में सफेद धातु के जेवरात मिले हैं। ये जेवरात लेकर दोनों युवक बिहार के बक्सर जा रहे थे। दोनों ने अपना नाम मनीष यादव और प्रशांत कुमार वर्मा निवासी पियरी, थाना चौक, जनपद वाराणसी बताया। जब बैग में मिले जेवरातों की जांच करवाई गई, तो पता चला कि यह सभी चांदी के जेवरात हैं। इनका वजन कराया गया, तो इनका वजन 8 किलो 506 ग्राम पाया गया। बरामद जेवरात की कीमत 4 लाख 87 हजार 870 रुपये पाई गई। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी की सूचना पर डीडीयू जंक्शन आरपीएफ थाने पहुंची आयकर विभाग की टीम को दोनों युवकों को बरामद जेवरात के साथ सौंप दिया गया। इस मामले में अग्रिम विधि कार्रवाई आयकर विभाग वाराणसी करेगी।



