Chandauli News: शादी समारोह से लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत, परिजनों में मचा कोहराम.
“चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के घोसवां गांव निवासी चाचा-भतीजे की बिहार के कर्मनाशा में सड़क हादसे में मौत हो गई। शादी समारोह से बाइक से घर लौटते समय उनकी बाइक ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा है।”
chandauli
10:17 AM, Nov 23, 2026
Share:


मृतक भतीजा और चाचा की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे की शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा के कर्मनाशा में सड़क हादसे में मौत हो गई। कर्मनाशा स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान कंदवा थाना क्षेत्र के घोसवां गांव निवासी अभिमन्यु सिंह (28) पुत्र स्व. विजय बहादुर सिंह और उनके भतीजे प्रिंस सिंह (18) पुत्र स्व. हनुमान सिंह के रूप में हुई है। दोनों रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिझुआ कलानी गांव में रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह कुल्हड़ियां स्थित आनंद लॉन में आयोजित था।
विज्ञापन
समारोह से लौटते समय कर्मनाशा विद्युत उपकेंद्र के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों के शव गांव ले आए। बताया गया कि अभिमन्यु सिंह विवाहित थे और उनकी एक पुत्री है, जबकि प्रिंस सिंह अविवाहित थे। एक ही परिवार के दो युवकों की असमय मौत से घोसवां गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


