Chandauli News : जमीन और भूत-प्रेत के विवाद में चाचा की मौत, भतीजे और उसके बेटे पर मारपीट का आरोप.
“चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडे से हमले में घायल चाचा संग्राम की वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी माया का उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।”
chandauli
5:06 PM, Oct 10, 2026
Share:


मृतक कि संग्राम कि फ़ाइल. फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अजीत जायसवाल, बबूरी, चंदौली.
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार की देर शाम हुए विवाद में भतीजे और उसके बेटे पर चाचा-चाची को लाठी-डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से संग्राम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। शनिवार की सुबह उपचार के दौरान संग्राम की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी माया का इलाज जारी है।
शाहपुर गांव निवासी संग्राम और स्वर्गीय रामसूरत आपस में भाई थे। दोनों परिवारों के बीच जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को रामसूरत का पुत्र प्यारे अपने बेटे जितेंद्र के साथ संग्राम के घर पहुंचा। बताया गया कि जमीन बेचने के बाद हिस्से का पैसा लेने के लिए संग्राम को साथ चलने के लिए कहा गया। इसके बाद संग्राम अपनी पत्नी माया के साथ उनके साथ चले गए।
विज्ञापन
बताया गया कि गांव के बीच स्थित कुएं के पास पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच भूत-प्रेत को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्यारे और जितेंद्र ने संग्राम और उनकी पत्नी माया पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दंपती अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से संग्राम को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन शनिवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
संग्राम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्र हैं, जो दूसरे शहरों में निजी कंपनियों में काम करते हैं। जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक व्यक्ति की मौत और उसकी पत्नी के गंभीर रूप से घायल होने की वजह बन गया है।


