Chandauli News:’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत निकली पौध बारात, 300 बच्चों को बांटे गए फलदार व छायादार पौधे.
"नौगढ़ रेंज अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि बच्चों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।"
chandauli
5:09 PM, Jul 5, 2026
Share:


वन विभाग के नौगढ़ रेंज द्वारा बच्चों को दिया गया फलदार पौधा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : लकी केसरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। नौगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौध बारात एवं पौध भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत खरवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नौगढ़ रेंज परिसर से निकली पौधों की बारात में प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं हाथों में पौधे लेकर शामिल हुए। पर्यावरण संरक्षण के नारों के बीच यह बारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर विद्यालय परिसर पहुंची, जहां लोगों ने इस पहल की सराहना की।
बारात के समापन के बाद आयोजित पौध भंडारे में करीब 300 स्कूली बच्चों को आम, अमरूद, अनार, नींबू, आंवला, शीशम और सागौन सहित फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। बच्चों को पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। नौगढ़ रेंज अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि बच्चों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
विज्ञापन
भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत खरवार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान लोगों को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि, देवेंद्र सहनी, वन दरोगा गुरुदेव, राजकुमार, राजेंद्र सोनकर, प्रशांत कुमार, वन रक्षक जय प्रकाश यादव, बाबूंदर सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



