Chandauli News: महादेव होटल पर बुलडोजर चलने के बाद बवाल, पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे अधिवक्ता.
“चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर महादेव रोड लाइन होटल ध्वस्त किए जाने के बाद मामला गरमा गया। एक पक्ष ने 15 साल की लीज पर होटल संचालित करने और न्यायालय में मामला विचाराधीन होने का दावा किया है। वहीं पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अधिवक्ताओं ने सर्विस रोड जाम कर प्रदर्शन किया।"
chandauli
11:32 PM, Nov 13, 2026
Share:


सैयदराजा थाने में अधिवक्ता और थानाध्यक्ष में होती बहस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के सवैया गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर स्थित महादेव रोड लाइन होटल को लेकर जमीन विवाद ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। सुबह करीब पांच बजे होटल पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। होटल संचालक जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू ने 15 साल की लीज पर जमीन लेकर होटल संचालित करने का दावा करते हुए दूसरे पक्ष पर जबरन निर्माण ध्वस्त कराने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया। वहीं जमीन मालिक पक्ष की ओर से जमीन पर मालिकाना हक होने की बात कही जा रही है। मामले में पुलिस की कथित एकतरफा कार्रवाई से नाराज अधिवक्ता सड़क पर उतर आए और सर्विस रोड जाम कर प्रदर्शन किया।
पीड़ित जितेंद्र प्रताप सिंह निवासी सवैया के अनुसार, जमीन सुखराम सिंह के नाम पर थी। उनके बेटे उदयभान सिंह उर्फ गुड्डू और विजयभान सिंह उर्फ नकुल ने उन्हें 15 वर्षों के लिए जमीन लीज पर दी थी। इसके लिए स्टांप पेपर पर लिखित एग्रीमेंट भी किया गया था। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर करीब 50 से 52 लाख रुपये होटल निर्माण और जमीन को सड़क के बराबर समतल कराने में खर्च किए थे। करीब डेढ़ साल बाद होटल खाली कराने को लेकर विवाद शुरू हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की ओर से होटल खाली करने का दबाव बनाया जाने लगा। इस पर उन्होंने निर्माण में खर्च की गई रकम वापस मिलने के बाद ही होटल खाली करने की बात कही थी।
पीड़ित का कहना है कि जमीन का मामला पिछले चार वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद शुक्रवार की सुबह जेसीबी मंगवाकर होटल को ध्वस्त करा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में करीब 20 से 22 लोग शामिल थे और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। घटना की सूचना पर पहुंची सैयदराजा पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
इसी बीच पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए अधिवक्ताओं ने सैयदराजा थाने पहुंचकर विरोध जताया। अधिवक्ता जन्मेजय सिंह ने बताया कि वे लोग पहले थाने पहुंचे थे और करीब तीन घंटे तक वहां बैठे रहे। उनका कहना था कि दोनों पक्षों को बैठाकर मामले की वास्तविक स्थिति समझी जाए। जन्मेजय सिंह के मुताबिक, एक पक्ष के पास जमीन से संबंधित दस्तावेज मौजूद थे, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से कब्जे की बात कही जा रही थी। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जमीन के मालिकाना हक का दावा करने वाले पक्ष को लॉकअप में बैठाया गया, जबकि दूसरे पक्ष को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन
अधिवक्ताओं ने मांग की कि यदि मामले में कार्रवाई की जाती है तो दोनों पक्षों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। किसी एक पक्ष के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने तहसील के समीप सर्विस रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। अधिवक्ताओं ने सैयदराजा थाना प्रभारी को निलंबित करने तथा पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। सीओ सदर ने बताया कि सैयदराजा थाना क्षेत्र के महादेव होटल को लेकर पारिवारिक संपत्ति विवाद है। इसी विवाद के क्रम में एक पक्ष की ओर से वहां बने अस्थायी निर्माण, टटिया और ऊपर लगे छप्पर को तोड़ा गया है। अधिवक्ताओं ने इस पर विरोध जताया है। फिलहाल उनकी मदद से दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कराई जा रही है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। सीओ ने अधिवक्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि मामले में दोनों पक्षों की बात और लगाए गए आरोपों को देखा जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सीओ सदर के समझाने और मध्यस्थता के आश्वासन के बाद अधिवक्ता सर्विस रोड से प्रदर्शन समाप्त कर सैयदराजा थाने पहुंचे। महादेव होटल के ध्वस्तीकरण, 15 साल के लीज एग्रीमेंट, जमीन के मालिकाना हक और पुलिस की भूमिका को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों ने मामले को और उलझा दिया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और जमीन विवाद से जुड़े न्यायालयीन मामले में आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।


