Sonbhadra News: चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर चोपन और ओबरा में भव्य तैयारियां, 24 घंटे युद्धस्तर पर चल रहा काम.
चोपन और ओबरा में छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत द्वारा घाटों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, आकर्षक सजावट और लाइटिंग का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए नगर पंचायत के कर्मचारी 24 घंटे तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
sonbhadra
6:25 PM, Nov 13, 2026
Share:


चोपन में छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेते राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पुलिस प्रशासन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
आस्था, विश्वास और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर सोनभद्र के चोपन और ओबरा में तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत और व्रतियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत द्वारा घाटों को भव्य रूप देने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है। चोपन नगर स्थित पवित्र सोन नदी और ओबरा स्थित रेणुका छठ घाटों पर आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी लाइटिंग, घाटों की साफ-सफाई और पेंटिंग का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। खास बात यह है कि दोनों नगर पंचायत के कर्मचारी लगातार 24 घंटे मेहनत कर रहे हैं, ताकि छठ व्रतियों को किसी तरह की असुविधा न हो और श्रद्धालु भव्य एवं आकर्षक घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। दोनों छठ घाटों पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड मौके पर पहुंचे। मंत्री ने घाटों की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, बड़े बाबू समेत नगर पंचायत के कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। घाटों पर आकर्षक सजावट और रोशनी के इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे छठ महापर्व के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय नजर आएगा। गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा। बता दे कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है। ऐसे में चोपन की सोन नदी और ओबरा की रेणुका नदी के घाटों पर की जा रही भव्य तैयारियां श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा रही हैं।


