Chandauli News: अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान बवाल, पूर्व हिस्ट्रीशीटर महेन्द्र राव समेत 100 पर केस.
"पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्य अभियुक्त महेन्द्र राव के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, अवैध खनन और अन्य गंभीर मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।"
chandauli
2:28 AM, May 10, 2026
Share:


सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ आरोपी महेंद्र राव
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By:गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).
चंदौली। चकिया क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी बवाल हो गया। पुलिस और वन विभाग की टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा और चक्का जाम के मामले में मुख्य अभियुक्त महेन्द्र राव समेत लगभग 80 से 100 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अधिकतर आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे की सूचना पर थानाध्यक्ष चकिया अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ चन्द्रप्रभा रेंज के ग्राम अलीपुर भांगड़ा स्थित वन क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर बिना अनुमति के अवैध खनन करते मिले। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को कब्जे में लेकर लौटना शुरू किया। इसी दौरान मुख्य अभियुक्त महेन्द्र राव पुत्र राम आसरे राव, उसके भाई विजेन्द्र राव समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर पहुंच गए और टीम को घेर लिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली, सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम किया और राहगीरों के साथ अभद्रता की।
विज्ञापन
घटना के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, हमला और अवैध खनन की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। चकिया पुलिस के मुताबिक मुख्य अभियुक्त महेन्द्र राव के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, अवैध खनन और अन्य गंभीर मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके भाई और अन्य परिजनों के खिलाफ भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
