Chandauli News: हाईवे निर्माण को लेकर हंगामा, दुकानों के सामने दिशा सूचक बोर्ड लगाने पर व्यापारियों की अधिकारियों से तीखी बहस.
“चंदौली-सैदपुर हाईवे निर्माण के बाद चहनियां कस्बे में सुविधाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दुकानों के सामने दिशा सूचक बोर्ड लगाने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और डंपर से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं होने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष और प्रधानपति ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई।”
chandauli
4:32 PM, Nov 24, 2026
Share:


चहनियां कस्बा में कार्यदाई संस्था के अधिकारी को दिशा सूचक बोर्ड की जगह दिखाते प्रधानपति
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। चहनियां कस्बे में चंदौली-सैदपुर हाईवे निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस हो गई। दुकानों के सामने दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाने, डिवाइडर पर लगी लाइटें बंद रहने और डंपर से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं होने को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव और खंडवारी के प्रधानपति सतीश गुप्ता ने नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, लंबे इंतजार के बाद चंदौली-सैदपुर हाईवे का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिली है। लेकिन चहनियां कस्बे में सड़क किनारे सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी जब दुकानों के सामने दिशा सूचक बोर्ड लगाने पहुंचे तो व्यापार मंडल अध्यक्ष और प्रधानपति ने काम रुकवा दिया। मौके पर पहुंचे कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से बातचीत के दौरान प्रधानपति सतीश गुप्ता ने कहा कि दिशा सूचक बोर्ड दुकानों के सामने लगाने के बजाय थोड़ी दूरी पर दूसरी जगह लगाए जा सकते हैं। उन्होंने डिवाइडर पर लगी लाइटों के चालू नहीं होने पर भी सवाल उठाया और कहा कि लाइटें केवल शोपीस बनकर रह गई हैं।
विज्ञापन
वहीं, खंडवारी में बंधवापर जाने वाले मार्ग पर कार्यदायी संस्था के डंपर से करीब दो महीने पहले बनी लगभग 150 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी उठाया गया। आरोप लगाया गया कि अब तक इसकी मरम्मत के लिए कोई पहल नहीं की गई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कस्बे की यातायात व्यवस्था और व्यापारियों की सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों के नाम पर व्यापारियों और आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। दिशा सूचक बोर्ड ऐसी जगह लगाए जाएं, जिससे किसी दुकान के प्रतिष्ठान और लोगों के आवागमन में बाधा न आए।फिलहाल दिशा सूचक बोर्ड लगाने के स्थान और अन्य समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के बीच हुई बहस के बाद मामले के समाधान पर निगाहें टिकी हैं।


