Chandauli News: कोटे की दुकान के चयन को लेकर हंगामा, ग्रामीणों ने लगाया अनियमितता का आरोप, आधे घंटे जाम रही सड़क.
"नोडल अधिकारी गिरजा प्रसाद यादव ने बताया कि मतदान पूरी तरह नियमानुसार संपन्न कराया गया। उनके अनुसार मतगणना में राजेंद्र सिंह को 571 मत प्राप्त हुए, जिसके बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के समर्थकों ने मतगणना पूरी होने से पहले ही हंगामा शुरू कर दिया था।"
chandauli
12:47 AM, Jun 20, 2026
Share:


सड़क जाम करते आक्रोषित ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बरहनी विकास खंड के जेवरियाबाद गांव में उचित दर विक्रेता (कोटे की दुकान) के चयन को लेकर आयोजित खुली बैठक के दौरान गुरुवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दी। इससे आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार कोटे की दुकान के चयन में विनीत बिंद और राजेंद्र सिंह आमने-सामने थे। मतदान प्रक्रिया के दौरान एक पक्ष ने बाहरी लोगों को शामिल कर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने तथा चुनाव को निष्पक्ष ढंग से न कराए जाने का आरोप लगाया। विरोध बढ़ने पर ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और चुनाव प्रक्रिया को निरस्त कर पुनः मतदान कराने की मांग करने लगे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास शुरू किया। नोडल अधिकारी गिरजा प्रसाद यादव ने बताया कि मतदान पूरी तरह नियमानुसार संपन्न कराया गया। उनके अनुसार मतगणना में राजेंद्र सिंह को 571 मत प्राप्त हुए, जिसके बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के समर्थकों ने मतगणना पूरी होने से पहले ही हंगामा शुरू कर दिया था। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया तथा यातायात बहाल हुआ। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हालात सामान्य हो गए। वहीं विरोध कर रहे ग्रामीणों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। प्रशासन ने मामले पर नजर बनाए रखने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
