Chandauli News: क्षतिग्रस्त गांव के मुख्य मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन.
"ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहेगा। उन्होंने तत्काल रूप से सड़क निर्माण और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके"
chandauli
10:07 AM, Sep 8, 2025
Share:


प्रदर्शन करते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: लकी केशरी, नौगढ़ तहसील.
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के भैसोड़ा गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। पानी टंकी से गांव के बगीचे तक बनी पीडब्ल्यूडी की सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो गई है। खासकर बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण सड़क का हाल और भी खराब हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन सवार दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। गड्ढों का पता नहीं चलने से कई बार लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। भैसौड़ा गांव के ग्रामीण लगातार इस समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। गांव के प्रधान पति लालमुहम्मद ने बताया कि खराब सड़क की समस्या को कई बार जिलाधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा आइजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "बार-बार शिकायत के बावजूद हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहेगा। उन्होंने तत्काल रूप से सड़क निर्माण और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विज्ञापन



