Chandauli News: नाला सफाई में लापरवाही पर ग्रामीणों का विरोध, नाले में उतरकर बैठा युवक, पुलिस ने हटाया.
"पुलिस ने कार्य में बाधा और शांति भंग करने के आरोप में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि मानसून से पहले नालों की सफाई पूरी कर ली जाती और समय पर मलबा हटा दिया जाता, तो जलभराव और यातायात संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता था।"
chandauli
5:36 PM, Jul 7, 2026
Share:


नाले में बैठे सपा नेता को समझाती पुलिस कर्मी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के पड़ाव-बहादुरपुर मार्ग पर मानसून के बीच कराई जा रही नाला सफाई को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि नालों से निकाला गया कीचड़ और मलबा कई दिनों से सड़क पर पड़ा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। विरोध के दौरान मढ़िया निवासी पंकज यादव उर्फ गोलू नाले में उतरकर बैठ गए, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाकर बाहर निकाला और विधिक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों का कहना था कि ग्राम पंचायत द्वारा मानसून शुरू होने के बाद नाला सफाई कराई जा रही है, जबकि यह कार्य पहले पूरा हो जाना चाहिए था। सफाई के बाद निकाला गया मलबा सड़क किनारे छोड़ दिए जाने से राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैला कीचड़ और मलबा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहा है। सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने मलबा हटाने और कार्यशैली में सुधार की मांग को लेकर नाला सफाई का कार्य रुकवा दिया। विरोध के दौरान पंकज यादव नाले में उतरकर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और पंकज यादव को नाले से बाहर निकालकर चौकी ले गई।
विज्ञापन
पुलिस ने कार्य में बाधा और शांति भंग करने के आरोप में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि मानसून से पहले नालों की सफाई पूरी कर ली जाती और समय पर मलबा हटा दिया जाता, तो जलभराव और यातायात संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता था। उन्होंने भविष्य में समयबद्ध सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
