Chandauli News: बाढ़ से फसल बर्बाद होने पर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण, मुआवजे की मांग.
“चंदौली में बाढ़ और बांध का पानी छोड़े जाने से फसल बर्बाद होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा, पशुओं के चारे और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।”
chandauli
9:40 PM, Sep 9, 2026
Share:


कलेक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन सौंपते बाढ़ प्रभावित ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो, चंदौली.
चंदौली। बाढ़ प्रभावित परसनमोहनपुर और उपमाटी गांव के ग्रामीण बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर बाढ़ के पानी से नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की।
ग्रामीण अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों से बंससागर और लतीफ शाह बांध का पानी छोड़े जाने के बाद अधिक बारिश होने पर गांव की फसल जलमग्न हो जाती है। इस बार भी खेतों में खड़ी फसल पानी में डूबने से सड़-गलकर पूरी तरह बर्बाद हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध का पानी सिंचाई के लिए उनके क्षेत्र में नहीं आता, लेकिन अधिक पानी होने पर बिना पर्याप्त निकासी व्यवस्था के मैदानी इलाकों में छोड़ दिया जाता है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने प्रशासन से फसल का उचित मुआवजा दिलाने के साथ किसानों के केसीसी ऋण में आंशिक राहत देने और बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था कराने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार दो साल फसल खराब होने से कई किसान कर्ज के बोझ में दब गए हैं। ग्रामीणों ने हल्का लेखपाल नवनीत मिश्रा पर भी गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि आय प्रमाण पत्र और अन्य छोटे सरकारी कार्यों के लिए भी पैसे की मांग की जाती है तथा फसल मुआवजे के सर्वे में भी अनियमितता बरती गई। ग्रामीणों ने लेखपाल के खिलाफ अलग से जांच और कार्रवाई की मांग की है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि एडीएम राजेश कुमार ने दोनों ज्ञापनों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अधिकारियों की टीम गांव में जाकर फसल नुकसान और ग्रामीणों की शिकायतों की जांच करेगी। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



