Chandauli News: गैस किल्लत से जूझ रहे ग्रामीण, एजेंसी पर अवैध वसूली व फर्जी डिलीवरी मैसेज के आरोप.
"बताया जा रहा है कि चहनिया क्षेत्र के भाजपा ब्लॉक प्रमुख से जुड़ी बिहारी इंडियन गैस एजेंसी पर यह आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि एजेंसी पर प्रभाव के चलते पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बुकिंग की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।"
chandauli
9:13 PM, Mar 25, 2026
Share:


जिला मुख्यालय स्थित इण्डेन बिहारी गैस एजेंसी पर इकट्ठा उपभोक्ता
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो, चंदौली.
चंदौली। जिला मुख्यालय पर इन दिनों एलपीजी गैस की किल्लत से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इंडियन गैस एजेंसी पर केवाईसी कराने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई उपभोक्ताओं को बिना गैस बुक किए ही सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज मिल रहा है, जबकि कुछ ने गैस बुक करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला और डिलीवरी का संदेश भेज दिया गया। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम और आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। दूर-दराज के इलाकों से आने वाले उपभोक्ता कई दिनों से केवाईसी और गैस सिलेंडर के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर काट रहे हैं। कड़ी धूप में घंटों लाइन में लगने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल रही है।
बताया जा रहा है कि चहनिया क्षेत्र के भाजपा ब्लॉक प्रमुख से जुड़ी बिहारी इंडियन गैस एजेंसी पर यह आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि एजेंसी पर प्रभाव के चलते पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बुकिंग की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। गैस न मिलने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
परेशान उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और केवाईसी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जा सके।
