Chandauli News: राज्यसभा में गूंजी चंदौली के पर्यटन विकास की आवाज, दर्शना सिंह ने राजदरी-देवदरी को स्वदेश दर्शन 2.0 से जोड़ने की उठाई मांग.
“राज्यसभा में विशेष उल्लेख के दौरान सांसद दर्शना सिंह ने चंदौली के चकिया-नौगढ़ क्षेत्र स्थित राजदारी-देवदरी जलप्रपात और चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के समग्र पर्यटन विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से क्षेत्र को स्वदेश दर्शन 2.0 योजना में शामिल करने की मांग की।”
chandauli
8:39 PM, Aug 10, 2026
Share:


राज्यसभा में अपनी बात कहती सांसद दर्शना सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : विवेकानंद केसरी.
चंदौली। राज्यसभा में विशेष उल्लेख के दौरान सांसद दर्शना सिंह ने चकिया-नौगढ़ क्षेत्र स्थित राजदारी-देवदरी जलप्रपात एवं चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के समग्र पर्यटन विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगल, जैव विविधता और ऐतिहासिक महत्व वाले इस क्षेत्र को स्वदेश दर्शन 2.0 योजना में शामिल किया जाना जरूरी है, जिससे चंदौली के पर्यटन को नई दिशा मिल सके।
सांसद ने कहा कि विंध्य पर्वत श्रृंखलाओं और चंद्रप्रभा नदी से घिरा यह क्षेत्र प्राकृतिक रूप से बेहद समृद्ध है। इसी क्षेत्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का संबंध महान साहित्यकार देवकी नंदन खत्री के प्रसिद्ध उपन्यास ‘चंद्रकांता’ से भी रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नेचर सेंटर, ऑडिटोरियम और पर्यटकों के ठहरने के लिए कॉटेज जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं, लेकिन इनके विस्तार और बेहतर प्रबंधन की जरूरत है।
दर्शना सिंह ने कहा कि स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत राजदारी-देवदरी और चंद्रप्रभा क्षेत्र को विकसित किए जाने से ईको-टूरिज्म और होम-स्टे मॉडल को व्यवस्थित तरीके से बढ़ावा मिल सकेगा। इससे स्थानीय युवाओं को गाइड, टैक्सी, होटल प्रबंधन और अन्य पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कैंटीन संचालन, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और हस्तशिल्प के माध्यम से रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा।
विज्ञापन
उन्होंने चंदौली की पहचान ‘धान का कटोरा’ के रूप में बताते हुए कहा कि यहां का ब्लैक राइस, आदमचीनी चावल और पारंपरिक जरी-जरदोजी कला अपनी अलग पहचान रखते हैं। पर्यटन के विकास से स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों, बुनकरों और कारीगरों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। सांसद ने पर्यटन मंत्री से राजदारी-देवदरी जलप्रपात एवं चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य को स्वदेश दर्शन 2.0 योजना में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे चंदौली के इस प्राकृतिक क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
