Chandauli News:ड्यूटी के दौरान चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कॉलेज परिसर में मिला शव.
"धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजने की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।"
chandauli
11:59 AM, Jan 23, 2026
Share:


धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शव की छानबीन करती पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अखिलेश कुमार, धानापुर, (चंदौली).
चंदौली। धानापुर कस्बे में स्थित शहीद हीरा सिंह पीजी कॉलेज परिसर में तैनात एक चौकीदार की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह कॉलेज परिसर के एक कमरे में चौकीदार का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सिहावल गांव निवासी 35 वर्षीय उपेंद्र यादव उर्फ पांचू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उपेंद्र गुरुवार रात करीब आठ बजे भोजन करने के बाद रोज़ की तरह ड्यूटी पर कॉलेज गए थे।
शुक्रवार सुबह आठ बजे तक घर न लौटने पर परिजन कॉलेज पहुंचे, जहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला और सीसीटीवी कैमरा भी बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर उपेंद्र को अचेत अवस्था में पाया गया। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उपेंद्र अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी नीतू, 11 वर्षीय पुत्र नमन और 7 वर्षीय पुत्री रूही हैं। वह छह भाइयों में पांचवें स्थान पर थे।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजने की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
