Chandauli News: गड़ई नदी का बढ़ा जलस्तर, अहरौरा डैम से बिना सूचना पानी छोड़ने पर डीएम ने जताई नाराजगी.
“चंदौली में गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को पड़यां गांव के पास नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। अहिरौरा डैम से बिना सूचना अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की जानकारी पर डीएम ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को जल निकासी व किसानों की फसल क्षति का तत्काल सत्यापन कराने के निर्देश दिए।”
chandauli
7:34 PM, Aug 29, 2026
Share:


गड़ई नदी का निरीक्षण करते डीएम
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सदर विकासखंड के बबुरी रोड स्थित पड़यां गांव के पास गड़ई नदी में बढ़े जलस्तर का जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि मिर्जापुर स्थित अहिरौरा डैम से बिना पूर्व सूचना अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा है। इस पर डीएम ने एक्सईएन चंद्रप्रभा और एसडीएम सदर के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने अहिरौरा डैम के एक्सईएन से फोन पर बात कर भविष्य में पानी छोड़े जाने की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अहिरौरा डैम से छोड़े जाने वाले पानी की लगातार जानकारी लेकर जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को समय रहते सचेत किया जा सके। साथ ही नदी के पानी की निकासी में जहां भी अवरोध है, वहां स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
जिलाधिकारी ने बारिश और जलभराव से प्रभावित किसानों की फसलों का सत्यापन कर मुआवजे की कार्रवाई भी साथ-साथ सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लेखपालों के माध्यम से जिले के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी फसल क्षति का आकलन कराने के निर्देश दिए, ताकि आपदा से प्रभावित किसानों को नियमानुसार हरसंभव सहायता मिल सके।
