Chandauli News : राजदरी डैम में अचानक बढ़ा जलस्तर, बीच धार में फंसे तीन पर्यटक, रस्सी के सहारे रेस्क्यू.
“चंदौली के राजदरी-देवदरी जलप्रपात के पास नदी में नहाने के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से तीन पर्यटक बीच धार में फंस गए। तीनों ने बड़े पत्थर पर चढ़कर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने रस्सी के सहारे तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।”
chandauli
7:48 PM, Aug 31, 2026
Share:


राजदारी जलप्रपात के तेज बहाव में फंसे पर्यटक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : लकी केसरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के राजदरी-देवदरी जलप्रपात के पास रविवार को नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तीन पर्यटक बीच धार में फंस गए। तीनों करीब 800 मीटर दूर चंद्रप्रभा बांध की ओर नदी में नहा रहे थे। तेज बारिश के बाद पानी का बहाव बढ़ा तो तीनों एक बड़े पत्थर पर चढ़ गए।
एक युवक किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस और वन विभाग की टीम के पास पहुंचा और अपने साथियों के फंसे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चंद्रप्रभा रेंजर अखिलेश्वर दुबे के नेतृत्व में वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के चलते तीनों का बाहर निकलना मुश्किल था। टीम ने रस्सी के सहारे एक-एक कर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को प्राथमिक देखभाल देकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। तीनों में आनंद सिंह निवासी चंदौली तथा अभिषेक जायसवाल और करण मौर्य निवासी वाराणसी बताए गए हैं।
विज्ञापन
रेंजर अखिलेश्वर दुबे ने बताया कि जलप्रपात क्षेत्र में नहाने पर प्रतिबंध और सूचना बोर्ड लगा हुआ है। इसके बावजूद युवक चोरी से काफी अंदर जंगल में चले गए थे। उन्होंने बताया कि तीनों ने भी स्वीकार किया कि उनकी गलती के कारण वे वहां फंस गए थे। वन विभाग और पुलिस ने बारिश के मौसम में पर्यटकों से नदियों, डैम और जलप्रपात के आसपास गहरे पानी तथा तेज बहाव वाले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है।



