Chandauli News : बरठी में सड़क धंसी तो गड्ढे में उतरे मनोज सिंह डब्लू, बोले- कटसिला जैसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं
“चंदौली के बरठी में रेलवे ओवरब्रिज को जोड़ने वाली सड़क धंसने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने गड्ढे में उतरकर निर्माण सामग्री की परतें दिखाईं और जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।”
chandauli
9:19 PM, Oct 23, 2026
Share:


मौके पर सड़क का गड्ढा दिखाते पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बरठी में रेलवे ओवरब्रिज को जोड़ने वाली सड़क शुक्रवार को धंस गई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सड़क का निरीक्षण किया। वह गड्ढे में उतरे और हाथों से निर्माण सामग्री की परतें उखाड़कर दिखाईं। उन्होंने इस लापरवाही की तुलना चंदौली के कटसिला में पुल गिरने की घटना से करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठाए।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पुल और अप्रोच रोड के निर्माण में सीमेंट-गिट्टी के मानकों की अनदेखी कर पीली मिट्टी मिलाई गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मिट्टी पर रोलर नहीं चलाया गया, जिसके कारण सड़क की संरचना कमजोर हो गई है। मनोज सिंह डब्लू ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मामले को संज्ञान में लेकर निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने, खामियों को दूर करने और दोषियों को दंडित करने की मांग की।
विज्ञापन
मनोज सिंह डब्लू ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण में कथित धांधली की जांच नहीं हुई और मानकों के अनुरूप काम कराने का भरोसा नहीं मिला, तो सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर अधिकारियों और नेताओं की मिलीभगत से भ्रष्टाचार होने का आरोप भी लगाया। मौके पर मदन सिंह, रोशन सिंह, अजय कुमार, अनुपम सिंह, परमा यादव, गोपाल सिंह, मुकेश कुमार, संजय मौर्य और करमू कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



