Chandauli News: हाइवा ट्रेलर की चपेट में आने से विवाहिता की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम.
"एसडीएम कुंदन राज कपूर ने परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया कराई जाएगी और बच्चों की मदद के लिए भी संबंधित विभागों से सहयोग दिलाया जाएगा।"
chandauli
5:59 PM, May 7, 2026
Share:


मृतका रबी कुमारी की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर तिराहे पर गुरुवार को गिट्टी लदे हाइवा ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित महिलाओं और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार तेंदुईपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रवि कुमारी पत्नी विकास चौहान अपने भाई साजन चौहान के साथ सकलडीहा बाजार कपड़ा खरीदने गई थीं। वापस लौटते समय अलीनगर की ओर से गिट्टी लादकर चहनिया जा रहे हाइवा ट्रेलर ने सकलडीहा तिराहे पर मुड़ते समय बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठी रवि कुमारी ट्रेलर के पिछले पहिये के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा भाई बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रेलर को थाने भेजवाया। हादसे से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम कुंदन राज कपूर ने परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया कराई जाएगी और बच्चों की मदद के लिए भी संबंधित विभागों से सहयोग दिलाया जाएगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
मृतका दो बच्चों विनायक और कार्तिकेय की मां थीं और मायके में चल रहे शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। भाई साजन चौहान बहन की मौत के बाद मौके पर बदहवास होकर रोता रहा। स्थानीय लोगों ने सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर सुरक्षा इंतजाम न होने पर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने तिराहे पर पुलिस बूथ और स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।#ChandauliNews #RoadAccident #BreakingNews #Sakaldiha #UPNews
