Chandauli News: सर्पदंश से महिला की मौत, तीन बेटियां और मानसिक रूप से बीमार पति हुए बेसहारा.
"उप जिलाधिकारी विनय मिश्रा ने परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि नियमानुसार आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी तथा बच्चियों के पालन-पोषण और अन्य आवश्यक मदद के लिए शासन स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।"
chandauli
8:11 PM, Jun 30, 2026
Share:


मृतक मीना देवी की फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: लकी केसरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में सर्पदंश से 35 वर्षीय मीना देवी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका अपने परिवार की मुख्य कमाने वाली सदस्य थीं। उनके निधन के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ पति और तीन मासूम बेटियां बेसहारा हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात मीना देवी अपनी तीनों बेटियों के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान उन्हें किसी जहरीले सांप ने डंस लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे चूहे के काटने की घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया। मंगलवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि मीना देवी के पति पन्नालाल पिछले करीब दस वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी मीना देवी ही संभाल रही थीं। वह मेहनत-मजदूरी कर अपनी तीन बेटियों आरती (15), ज्योति (12) और प्रीति (10) का पालन-पोषण करती थीं। उनकी मौत के बाद बच्चियों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ईश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे। चकरघट्टा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
