Chandauli News:प्रसव के आधे घंटे बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा.
"मुगलसराय कोतवाल गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करते हुए परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है"
chandauli
5:54 PM, Jan 2, 2026
Share:


मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाते हुए
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में शुक्रवार की सुबह प्रसव के बाद एक 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे के जन्म के लगभग आधे घंटे बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों द्वारा चिकित्सकों को सूचना देने के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतका की पहचान हरि शंकरपुर निवासी शब्बो (32) पत्नी पप्पू के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार शब्बो को शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे प्रसव के लिए पीपी सेंटर लाया गया था, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। यह शब्बो का चौथा प्रसव था। प्रसव के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि डिलीवरी के बाद महिला को शरीर में कन्वल्शन (दौरे) आने लगे थे, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
विज्ञापन
परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर रहे थे। मृतका के परिजन रुशीक अहमद ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मचारियों की लापरवाही के कारण शब्बो की जान गई है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर मुगलसराय कोतवाल गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



