Chandauli News: मालगाड़ी के आगे महिला ने दो बेटियों संग लगाई छलांग, तीनों की हालत गंभीर. वाराणसी रेफर.
"मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के घर से नाराज होकर निकलने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या के प्रयास की आशंका प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल महिला और दोनों बच्चियों का इलाज जारी है।"
chandauli
8:23 PM, Jun 6, 2026
Share:


अस्पताल में भर्ती घायल बच्चे
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बलुआ क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। हादसे में महिला और दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बलुआ थाना क्षेत्र के डेवढ़ा गांव निवासी प्रमोद यादव की पत्नी वंदना यादव (33 वर्ष) शनिवार सुबह घर से दवा लेने की बात कहकर निकली थीं। उनके साथ चार वर्षीय पुत्री प्रियांशी और नौ माह की पुत्री प्रांजली भी थीं। बताया जा रहा है कि सुबह किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रतनपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर महिला ने दोनों बेटियों के साथ गुजर रही मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय, रामनगर भेजा गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
विज्ञापन
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के घर से नाराज होकर निकलने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या के प्रयास की आशंका प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल महिला और दोनों बच्चियों का इलाज जारी है।
