Chandauli News: योगी की पुलिस ने रेवसा में कराई बदमाश की पैदल परेड, हाथ जोड़कर मांगी माफी.
“चंदौली में अलीनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित भोला भारती उर्फ करण को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रेवसा इलाके में उसकी पैदल परेड कराई, जहां आरोपी ने हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगी और दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही।”
chandauli
9:10 PM, Nov 3, 2026
Share:


रेवसा गांव में आरोपी का परेड कराती अलीनगर पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। योगी सरकार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच अलीनगर पुलिस ने रेवसा इलाके में एक वांछित बदमाश की पैदल परेड कराई। जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार भोला भारती उर्फ करण को पुलिस गांव में लेकर पहुंची, जहां उसने लोगों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी। आरोपी ने कहा कि अब वह दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा। पुलिस के इस एक्शन की चर्चा इलाके में रही। भोला भारती को पुलिस ने 2 नवंबर की रात कैली अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया था। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2025 को रेवसा निवासी मोहम्मद सुफियान के साथ भोला भारती और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की थी। आरोप है कि सुफियान के भागने पर भोला ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे से ही फायर करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, भोला के खिलाफ पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं और उस पर पूर्व में 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हुआ था। उसका बड़ा भाई धर्मेंद्र भारती अलीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ करीब 40 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
विज्ञापन
सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर पुलिस ने भोला भारती को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी अपने साथियों के साथ गांव में दबंगई और वर्चस्व कायम करना चाहता था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।



