Chandauli News: युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, घटना से फैली सनसनी.
"एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि ईंट से सिर कूच कर युवक की हत्या किए जाने की आशंका है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम का गठन कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे"
chandauli
8:11 PM, Nov 11, 2025
Share:


मृतक राजकुमार भारती की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के परोरवा गांव के सिवान में मंगलवार की शाम करीब तीन बजे करकटनुमा बने मकान में परोरवा निवासी 20 वर्षीय राजकुमार भारती का खून से लथपथ शव मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, परोरवा गांव निवासी मजदूर रामकरन राम का 20 वर्षीय पुत्र राजकुमार भारती सोमवार की देर शाम से घर से गायब था। परिजन उसे आसपास खोज रहे थे। इसी बीच, गांव के सिवान में गिरधारी चौहान के करकटनुमा कोठरी में कुछ चरवाहों ने खून से लतपथ शव देखकर हैरान रह गए। चरवाहों ने इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
वही फील्ड यूनिट के साथ एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर, सीओ कृष्णमुरारी शर्मा, मुगलसराय कोतवाल गगन राज सिंह, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय आदि पुलिस बल के साथ पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में जुट गई। मृतक की मां रीना देवी, भाई शिवकुमार, दिलीप कुमार, बहन सीता, संतरा, तन्नू आदि का रो-रोकर बुरा हाल था।
इस बाबत एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि ईंट से सिर कूच कर युवक की हत्या किए जाने की आशंका है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम का गठन कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे। मामले का शीघ्र ही खुलासा हो जाएगा।



